रामगढ़ , मई 26 -- झारखंड के रामगढ़ जिले में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने मंगलवार को बताया कि पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के छह सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। सोमवार को गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातू थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही गठित टीम ने मानवीय आसूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विकास साव, विशाल कुमार, बिटु कुमार रवि, हीरालाल कुमार, दिगम्बर प्रजापति उर्फ डेगन तथा एहतेसाम अंसारी उर्फ दुलर्भ को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध लोडेड 7.62 एमएम देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 34 जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल एवं छह एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए। सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार की है।
आरोपियों ने पतरातू थाना क्षेत्र स्थित रेलवे फ्लाईओवर ब्रिज गेट, ओसम डेयरी प्लांट एवं अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में हुई गोलीबारी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसके अलावा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना के तहत एकत्रित होने की बात भी कबूली है। इस मामले में पतरातू थाना कांड संख्या 126/26 के तहत बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आरोपियों से पुलिस ने 01 अवैध 7.62 एमएम देशी पिस्टल, 02 मैगजीन, 34 जिंदा कारतूस, 03 मोटरसाइकिल और 06 एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में विकास साव, दिगम्बर प्रजापति उर्फ डेगन और बिटु कुमार रवि के खिलाफ रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट एवं यूएपीए एक्ट समेत कई गंभीर मामले पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित