इंदौर , सितंबर 02 -- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर आएंगे और यहां आयोजित प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में प्रदेशभर के विद्यार्थियों एवं युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, युवाओं के अधिकार और भविष्य से जुड़े विषयों पर छात्रों की बात सुनी जाएगी।
कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए इंदौर के नेहरू स्टेडियम को उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 'छात्रों की गूंज' सामान्य राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि युवाओं और उनके भविष्य से जुड़े विषयों पर संवाद का कार्यक्रम है। उन्होंने भाजपा सरकार से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को छात्रों और युवाओं की आवाज से डरने के बजाय उसे सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विचार और संवाद का स्वागत किया जाना चाहिए। कांग्रेस चाहती है कि सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर छात्रों के हित में राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम के लिए स्थान उपलब्ध कराए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के रूप में देशभर में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद कर रहे हैं। 'छात्रों की गूंज' का उद्देश्य युवाओं के सपनों, समस्याओं तथा शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े सवालों को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल के प्रचार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सार्थक संवाद है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार नेहरू स्टेडियम उपलब्ध नहीं कराती है तो कांग्रेस जिला प्रशासन से चर्चा कर अन्य उपयुक्त स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करेगी, लेकिन छात्रों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।
इस बीच राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंदौर एवं उज्जैन संभाग के कांग्रेस अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों तथा मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई और विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राहुल गांधी के सुरक्षा सलाहकार के.बी. बैजू, मनोज त्यागी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, अजय राहुल सिंह, ओमकार सिंह मरकाम, कांतिलाल भूरिया, सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, विजयलक्ष्मी साधौ, मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक सहित वरिष्ठ नेता, विधायक, जिला अध्यक्ष और समिति के सदस्य मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल, राष्ट्रीय सचिव एवं इंदौर संभाग प्रभारी उषा नायडू, सत्यनारायण पटेल, शोभा ओझा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े सहित अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने कहा कि कार्यक्रम का स्थान कोई भी हो, 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों और युवाओं की आवाज जरूर गूंजेगी तथा यह आयोजन उनके सवालों, अधिकारों और बेहतर भविष्य से जुड़े विषयों पर संवाद का मंच बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित