नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- कांग्रेस ने कहा है कि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं लेकिन राज्य में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामले राज्य में चुनाव से भी बड़ा मुद्दा है और इसी के मद्देनजर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचकर छात्रों की आवाज बुलंद करेंगे।

कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज एक्स पर लिखा कि देश में नीट प्रश्नपत्र लीक और सीबीएसई परीक्षा में गड़बड़ियां युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं। उत्तराखंड भी लगातार पेपर लीक की घटनाओं के कारण चर्चा में रहा है और वहां बड़े स्तर पर पेपरलीक हो रहे हैं। ऐसे में श्री गांधी छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे।

पार्टी ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के हवाले कहा कि श्री गांधी ने इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा में छात्रों के साथ संवाद से की थी। अब इसकी अगली कड़ी में वह 17 जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे, जहां छात्रों से मुलाकात कर पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

श्री वेणुगोपाल का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर घोषणापत्र समिति का गठन किया जा रहा है। यह समिति पूरे राज्य का दौरा कर किसानों, महिलाओं, छात्रों और आम लोगों से सुझाव जुटाएगी तथा उनके आधार पर व्यापक और जनोन्मुखी चुनावी घोषणापत्र तैयार करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित