बेंगलुरु , अक्टूबर 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला तेज करते हुए आरोप लगाया कि वह चुनाव आयोग के खिलाफ अपने अभियान के जरिये संवैधानिक संस्थाओं को बार-बार कमजोर कर रहे हैं।
कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री आर. अशोक ने बुधवार को कहा कि श्री गांधी संवैधानिक और संस्थागत प्रक्रियाओं का पालन करने के बजाय सड़क पर प्रदर्शन कर राजनीतिक विवादों को सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं। चुनाव आयोग की आलोचना को लेकर कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा, "श्री गांधी नेता प्रतिपक्ष के रूप में अयोग्य हैं। वह संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार हमला कर रहे हैं।"श्री अशोक ने तर्क दिया कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक निकाय है और इसे सड़कों पर प्रदर्शनों के माध्यम से हटाया या चुनौती नहीं दी जा सकती है।
भाजपा नेता ने कहा, "यदि चुनाव आयुक्त को हटाना है तो उसके लिए नियम-कायदे हैं। इसके लिए संसद की बैठक बुलाई जानी चाहिए, आरोपों को स्पष्ट किया जाना चाहिए, बहुमत सिद्ध होना चाहिए और फिर मामला मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास जाना चाहिए।"श्री अशोक ने श्री गांधी पर चुनाव आयोग, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), सीबीआई और न्यायपालिका सहित संवैधानिक संस्थाओं पर चुनिंदा तरीके से सवाल उठाने का भी आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित