पटना , फरवरी 14 -- बिहार के विधि एवं स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मंगल पाण्डेय ने शनिवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति करते हैं।
श्री पाण्डेय ने बजट सत्र के दौरान संसद में हुए घटनाक्रम की कड़े शब्दों में निंदा की है। श्री गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा है कि उनकी पूरी राजनीति अराजक व नकारात्मक है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं का संसद में आचरण मर्यादा के अनुरूप नही है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी लोकतांत्रिक प्रक्रिया, शुचिता, संवैधानिक मर्यादा और संसद की नियमावली को नहीं मानते हैं और देश में अविश्वास एवं अराजकता पैदा करना उनका मकसद है।
भाजपा नेता ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का इस तरह का अपमानजनक और शर्मनाक व्यवहार आज तक नहीं देखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बजट सत्र के पहले चरण में अपने आचरण और लोकसभा अध्यक्ष पर अनर्गल हमले के साथ देश की छवि को आघात पहुंचाते रहे हैं।
श्री पाण्डेय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को विदेशों में जाकर भारत के लोकतंत्र को बदनाम करने की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि इसी प्रवृत्ति का परिणामस्वरुप उनकी पार्टी लगातार चुनाव हार रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित