चंडीगढ़ , अक्टूबर 25 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने रविवार को कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी चार नवंबर को संगरूर जिले का दौरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से यह दौरा महत्वपूर्ण होगा और इससे पार्टी के चुनाव अभियान को नयी दिशा मिलेगी।
श्री सिंह ने कहा कि मालवा क्षेत्र पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है और यहां की विधानसभा सीटें चुनावी नतीजों में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे में संगरूर से चुनावी गतिविधियों को आगे बढ़ाना प्रदेश कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जोर जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता से जुड़ेमुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर रहेगा। श्री गांधी के दौरे से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगामी चुनाव की तैयारियां तेज करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस 'मिशन 2027' को ध्यान में रखते हुए अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज करेगी। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने तथा राज्यभर में संगठन के साथ समन्वयमजबूत करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित