देहरादून , जुलाई 13 -- उत्तराखंड में देहरादून आ रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम की सफलता के लिए पार्टी प्रदेश स्तर पर तैयारियां पूरी करने में जुटी है।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य रुप देने के लिए सोमवार को देहरादून में प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में महानगर के वरिष्ठ नेताओं की और हरिद्वार जनपद के वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक आयोजित की गई।

श्री गोदियाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 17 जुलाई को पार्टी के शीर्ष नेता, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देहरादून में छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे तथा युवा एवं छात्र हितों की लड़ाई लड़ने का आह्वान करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र एवं राज्य सरकारों की नाकामी का सबसे अधिक खामियाजा देश के युवा वर्ग को भुगतना पड़ रहा है। वर्षों पढ़ाई और मेहनत करने के बावजूद उन्हें इसका प्रतिफल नहीं मिल पा रहा है तथा युवा आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं की इस पीड़ा को राहुल गांधी ने समझा है तथा उनकी लड़ाई लड़ने का बीडा उठाया है। इसी के तहत वह 17 जुलाई को परेड़ा ग्राउंड में ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।

श्री गोदियाल ने कहा कि ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा जिसका संदेश प्रत्येक युवा तक पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने सभी युवा साथियों से भी कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित