होशियारपुर, 20 (वार्ता ) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की और श्री गांधी के बयान को "दुर्भाग्यपूर्ण" करार देते हुए कहा कि यह देश के 140 करोड़ लोगों के जनादेश का अपमान है।
होशियारपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए श्री चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए "गद्दार" जैसे शब्दों का इस्तेमाल लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के फैसले का अनादर है। उन्होंने कहा कि देश की जनता चुनावों में ऐसे बयानों का करारा जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री गांधी पहले भी प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं और बाद में अदालतों में माफी मांगनी पड़ी। उन्होंने कांग्रेस नेता पर ऑल इंडिया मुस्लिम लीग और जमात-ए-इस्लामी जैसे संगठनों को खुश करने के लिए "बेबुनियाद और गैर-जिम्मेदाराना" बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने अक्सर चीन और पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं तथा सर्जिकल स्ट्राइक और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सवाल उठाकर देशहित को कमजोर करने का प्रयास करते हैं। श्री चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को मजबूत किया है।
पंजाब की राजनीति पर बोलते हुए भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नगर निकाय चुनावों के दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्था की जगह "दबाव और डर की राजनीति" अपनाई जा रही है।
श्री चुघ ने दावा किया कि बटाला और मजीठा जैसे क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मजीठा में एक उम्मीदवार का नामांकन कथित तौर पर फर्जी आवेदन के जरिए उसकी सहमति के बिना वापस लिया गया।किसानों के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार अपने कार्यकाल में कोई बड़ी कृषि योजना लागू नहीं कर सकी और गेहूं-धान से आगे न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर हरियाणा मॉडल की तर्ज पर अधिक फसलों पर एमएसपी लागू करेगी।
उन्होंने राज्य सरकार के "स्वास्थ्य और शिक्षा क्रांति" के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नए मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग संस्थान प्रभावी रूप से शुरू नहीं किए गए हैं तथा स्वास्थ्य बीमा योजना के दावों में भी पारदर्शिता नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सहायता से पंजाब में एम्स सहित कई स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए गए हैं।
भाजपा नेता ने पंजाब सरकार पर बढ़ते कर्ज, विकास परियोजनाओं की कमी और औद्योगिक निवेश न लाने के आरोप भी लगाए। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ की गई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच हो रही है तो उसका विरोध क्यों किया जा रहा है।
इससे पहले श्री चुघ ने मुकेरियां में भाजपा विधायक जंगी लाल महाजन के निवास पर नगर निकाय चुनाव प्रचार कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से भाजपा उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की और दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सत्ता में आयेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित