रायबरेली , जुलाई 30 -- कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयान के विरोध में गुरुवार को रायबरेली के डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक (हाथी पार्क) परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किया।

धरने को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह दूसरों के सहारे राजनीति करने के आदी हैं। उन्होंने कहा कि अन्य दलों के समर्थन से सांसद बनने और दूसरे के आंदोलन के कारण शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग सफल होने के बाद अब वह केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "कोई सियार शेर की खाल पहनकर शेर नहीं बन सकता।"मंत्री ने कहा कि एक ओर राहुल गांधी की बहन संसद में केंद्रीय गृह मंत्री को "चाणक्य" कहकर उनसे दया की अपेक्षा करती हैं, जबकि दूसरी ओर राहुल गांधी उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि केंद्रीय गृह मंत्री भारत और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पित हैं तथा अनावश्यक टकराव की राजनीति में विश्वास नहीं रखते।

श्री सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयान और आचरण से संविधान, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा तथा रायबरेली की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर गैर-जिम्मेदाराना राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती। साथ ही उन्होंने जंतर-मंतर पर हुई राजनीतिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार की राजनीतिक संस्कृति को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

धरना-प्रदर्शन में भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी के बयान के विरोध में प्रदर्शन करते हुए अपना रोष व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित