जयपुर , मई 21 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर गुरुवार को जयपुर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका।
इस दौरान भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'राहुल गांधी मुर्दाबाद' के नारे लगाये और कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यालय से लेकर चौमूं हाउस सर्किल तक जूलूस निकाला गया और भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौमूं हाउस सर्किल पर श्री राहुल गांधी का पुतला जलाया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कांग्रेस को समाप्त करने की बात कही थी, परन्तु तत्कालीन नेताओं ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण उसे जीवित रखा, लेकिन आज श्री राहुल गांधी अपने बयानों और कार्यशैली से कांग्रेस को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहे है। श्री गांधी के बयान कांग्रेस की कब्र खोदने का काम कर रहे हैं।
श्री राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस अब धीरे-धीरे लुप्तप्राय स्थिति में पहुंच चुकी है। प्रधानमंत्री के लिए इस प्रकार की भाषा का उपयोग करना न केवल अशोभनीय है, बल्कि राष्ट्र के सम्मान के खिलाफ भी है। प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री गांधी को भारत की विदेश नीति, कूटनीति और वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा दिखाई नहीं देती, लेकिन उनका ध्यान केवल टॉफी और चॉकलेट जैसे विषयों पर केंद्रित है। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार विकास के नये आयाम स्थापित कर रही है, जबकि विपक्ष केवल अनर्गल, घटिया और हल्के स्तर की बयानबाजी पर उतर आया। श्री मोदी जब विभिन्न देशों में जाकर भारत को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं, उस समय विपक्ष के नेता बचकाने बयान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्री गांधी के बयानों से राष्ट्रभक्त नागरिकों में भारी नाराजगी है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी का पुतला फूंका जाना इसी जनभावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा जल्द ही कांग्रेसी नेताओं के अपशब्दों पर जनजागरण अभियान चलाकर ऐसे नेताओं का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का आह्वान करेगी, जो देश के संवैधानिक पदों और नेतृत्व की गरिमा का सम्मान नहीं करते।
उन्होंने कहा कि श्री गांधी को श्री मोदी की विदेश नीति नहीं दिखाई दे रही, श्री गांधी को मोदी की कूटनीति नजर नहीं आ रही, जबकि उन्हें सिर्फ मेलोडी टॉफी नजर आ रही है, यह बचकाना हरकत नहीं है, तो क्या है। श्री गांधी की हरकतों को देखते हुए कहा जा सकता है कि वह बुद्धि से बच्चे ही है, वह मानसिक रूप से विकसित नहीं हुए है। श्री गांधी के बयान राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर के अनुरूप नहीं हैं और इस प्रकार की टिप्पणियां उनकी राजनीतिक निराशा को दर्शाती हैं।
उन्होंने कांग्रेस द्वारा भाजपा मुख्यालय घेराव पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस खुद पूरी तरह बिखरी हुई है और ऐसी स्थिति में भाजपा का घेराव करने की बात हास्यास्पद है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता ही एकजुट दिखाई नहीं दे रहे हैं। नीट पेपरलीक मामले में भाजपा सरकार का कोई दोष नहीं है और बिना किसी ठोस आधार एवं नीति के केवल राजनीतिक नौटंकी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल अखबारों की सुर्खियों में आने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम कर रही है।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार के दौरान कोई पेपर लीक की घटना नहीं हुई है। नीट से जुड़ा मामला भी राजस्थान से संबंधित नहीं है। कांग्रेस शासनकाल में अनेक बार पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन उस समय कांग्रेस ने वर्षों तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके विपरीत, वर्तमान मामले में एनटीए ने तुरंत कार्रवाई की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित