प्रयागराज , अगस्त 07 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार को प्रस्तावित राहुल गांधी के छात्रों और युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। योगी सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह और भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने शुक्रवार को मम्फोर्डगंज स्थित पारसी कब्रिस्तान पहुंचकर राहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी की कब्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी प्रयागराज आते हैं, लेकिन अपने दादा की कब्र पर फूल चढ़ाने नहीं आते। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे वह अपने दादा फिरोज गांधी का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को युवाओं से संवाद के दौरान यह बताना चाहिए कि वह अपने पुरखों का सम्मान करते हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पूर्वजों का सम्मान करने की परंपरा है।
राहुल गांधी के 'गूंज' कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि उनके प्रयागराज आने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने राहुल गांधी की उम्र को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से खुद को युवा मानते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहीं भी युवाओं से संवाद कर लें, इससे उन्हें कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के कार्यक्रम आयोजित करने पर सरकार को आपत्ति नहीं होती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं के साथ संवाद कर रहे हैं तो इसमें सरकार की ओर से कोई बाधा नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी से युवाओं के बीच अपने विचार रखने और अपने परिवार तथा पूर्वजों के प्रति सम्मान को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित