चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने की मांग को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जोरदार रोष मार्च निकाला।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस भवन सेक्टर-35 से भाजपा कार्यालय 'कमलम' सेक्टर-33 तक मार्च निकाला गया। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पार्षदों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। बाद में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और धरना देकर विरोध जताया।

श्री लक्की ने धरने को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए पुलिस और जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी के खिलाफ अब तक 32 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं और जनता के मुद्दों, संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित