सुलतानपुर, 29सितंबर (वार्ता) गृहमंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व रायबरेली सांसद राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि केस में आज दोबारा बहस होना थी, एक वरिष्ठ अधिवक्ता के निधन को लेकर मंगलवार को भी सुनवाई टल गई। अगली सुनवाई के लिए 1 अक्टूबर को होगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल ने बताया कि इससे पहले परिवादी भाजपा नेता विजय मिश्र के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने 21 सितंबर को बहस की थी जो पूरी नहीं हो पाई। परिवादी की बहस पूरी होने पर वे बहस करेगें। अभी परिवादी की बहस चल रही हैं। मंगलवार को परिवादी की बहस होनी थी लेकिन एक वरिष्ठ अधिवक्ता के निधन के कारण कोर्ट में शोकावकश हो गया, जिसको लेकर राहुल गांधी के मानहानि मामले में सुनवाई टल गई।
ज्ञात हो कि राहुल गांधी पर वर्ष 2018 में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष व मौजूदा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ बेंगलुरू में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। राहुल गांधी के खिलाफ चार अगस्त 2018 को जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन व भाजपा नेता विजय मिश्र ने मानहानि का परिवाद कोर्ट में दायर किया था। 27 नवंबर 2023 को कोर्ट ने राहुल गांधी को विचारण के लिए अदालत में तलब किया था। इसके बाद राहुल गांधी ने 20 फरवरी 2024 को कोर्ट में हाजिर होकर जमानत कराई थी। 25-25 हजार के दो जमानतदार उन्होंने लगाए थे। 26 जुलाई 2024 को कोर्ट में राहुल गांधी का बयान दर्ज हुआ था। दोबारा 20 फरवरी 2026 को सीआरपीसी की धारा 313 बयान दर्ज कराया था।
इसके बाद परिवादी विजय मिश्र ने राहुल गांधी की वायस सैम्पल का मिलान कराने के लिए अर्जी दी थी, जिसे ट्रायल कोर्ट ने 2 मई को खारिज कर दिया था। इसके खिलाफ दायर निगरानी अर्जी भी सेशन कोर्ट से 15 जुलाई को खारिज कर दी गई थी। राहुल गांधी के वायस सैम्पल का विधि विज्ञान प्रयोगशाला से मिलान कराने की अर्जी ट्रायल कोर्ट व सेशन कोर्ट से खारिज होने के आदेश को चुनौती देने वाली परिवादी भाजपा नेता विजय मिश्र की याचिका हाईकोर्ट ने भी सितम्बर माह में खारिज कर दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित