जयपुर , अगस्त 31 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हुई छुआछूत के खिलाफ मुखरता से आवाज बुलंद करने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ही खिलाफ एफआईआर दर्ज करना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घमंड और तानाशाही की पराकाष्ठा है।
श्री गहलोत ने सोमवार को अपने बयान में यह आरोप लगाते हुए कहा कि यह दिखाता है कि भाजपा चाहती है कि दलितों के साथ छुआछूत और भेदभाव चलता रहे और जो उसके खिलाफ आवाज उठाए उन्हें प्रताड़ित किया जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा छुआछूत और भेदभाव का विरोध किया है। संविधान में अस्पृश्यता निवारण हो या दलितों के साथ अत्याचार रोकने वाला एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून, सब कांग्रेस की देन है। भाजपा ने आज तक दलितों के हित में ऐसा कोई कदम क्यों नहीं उठाया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने आज तक छुआछूत खत्म करने का कोई अभियान क्यों नहीं चलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित