चंडीगढ़ , अक्टूबर 31 -- पंजाब कांग्रेस के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अंगद सैनी ने कहा है कि चार नवंबर को संगरूर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की होने वाली 'इंसाफ रैली' में राज्य की 36 बिरादरियों की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसके लिए ओबीसी विभाग की ओर से पूरे प्रदेश में विशेष संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने शनिवार को यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री सैनी ने कहा कि ओबीसी समाज की सभी 36 बिरादरियों तक पहुंच बनाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके तहत बिरादरियों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अलग-अलग संपर्क किया जा रहा है। जिला स्तर से लेकर गांवों तक बैठकें आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल संगरूर रैली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ओबीसी समाज को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने और पिछड़े वर्गों की समस्याओं तथा अधिकारों को उचित मंच पर उठाने के लिए लगातार जारी रहेगा। सामाजिक न्याय, समान अधिकार और पिछड़े वर्गों की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। इन मुद्दों को श्री गांधी की रैली में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
श्री सैनी ने बताया कि ओबीसी विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में नवनियुक्त जिला अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और महासचिवों को रैली की तैयारियों के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी पदाधिकारियों को अपने जिलों में बिरादरीवार बैठकें करने, लोगों से संपर्क बढ़ाने और उन्हें संगरूर पहुंचाने के लिए समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर नई नियुक्तियां भी की जाएंगी। समाज के बीच सक्रिय रूप से काम करने वाले योग्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां देकर विभाग का विस्तार किया जाएगा, ताकि पंजाब की प्रत्येक बिरादरी को संगठन में उचित प्रतिनिधित्व और भागीदारी मिल सके। उन्होंने ओबीसी समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों और सामाजिक न्याय की आवाज बुलंद करने तथा चार नवंबर की रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजपाल, राष्ट्रीय टीम के इंदरजीत, वर्किंग प्रेसिडेंट मनजीत सिंह (पटियाला), पूर्व विधायक इंदू बाला, नवनियुक्त वर्किंग प्रेसिडेंट के. के. बावा और विचारधारा समिति के सदस्य अमित सहित विभाग के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित