रायसेन , जुलाई 23 -- दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में युवा कांग्रेस ने आज सामूहिक जेल भरो आंदोलन किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर जिला जेल भेज दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सागर तिराहे पर एकत्रित हुए और धरना-प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कुछ समय के लिए चक्का जाम करने का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर उन्हें गिरफ्तार किया और जिला जेल भेज दिया। प्रदर्शन में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित