रुड़की/हरिद्वार , मई 23 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई कथित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा ने शनिवार को चंद्रशेखर चौक पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक माफी की मांग की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा ओबीसी मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की नीतियों और राजनीतिक बयानबाजी को समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनसमर्थन में लगातार कमी आने से कांग्रेस नेताओं में राजनीतिक बौखलाहट दिखाई दे रही है, जिसके चलते प्रधानमंत्री के खिलाफ अनर्गल टिप्पणियां की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विपक्ष इसी कारण असहज नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस की कथित जनविरोधी राजनीति का विरोध जारी रखेंगे।

भाजपा जिलामहामंत्री सागर गोयल ने कहा कि राजनीतिक दलों और नेताओं को सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता से जुड़े मूल मुद्दों से ध्यान हटाकर विवादित बयानों के जरिए चर्चा में बने रहने का प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित