अल्मोड़ा , जून 03 -- कांग्रेस पार्टी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा है कि राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अभियान का शंखनाद साबित होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और जनता अब बदलाव चाहती है।

अल्मोड़ा में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। वह 4 जून को अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रदेश भ्रमण के दौरान उनकी आम लोगों से बातचीत हुई, जिसमें लोगों ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और सरकार की नीतियों को लेकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दावा किया कि केवल आम जनता ही नहीं बल्कि भाजपा के कई कार्यकर्ता भी बदलाव चाहते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है। जनता को न्याय नहीं मिल रहा है तथा उनकी मूल समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी जनसभा में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, सरकार की कथित विफलताओं और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि जनसभा के बाद राहुल गांधी का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयारी शुरू कर दी है और जनता के हितों की रक्षा के लिए राज्य में कांग्रेस सरकार बनाना पार्टी का लक्ष्य है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन महरा, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप टम्टा, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस राहुल गांधी की अल्मोड़ा जनसभा को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में अपने सबसे बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है। पार्टी को उम्मीद है कि इस रैली से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और चुनावी माहौल बनाने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित