जयपुर , जुलाई 16 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि लाेकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में उठ रही छात्रों की गूंज से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार डरी हुई है।
श्री गहलोत ने गुरुवार को अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से पहले कोटा में श्री गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर रुकावटें खड़ी की गईं, शिक्षण संस्थानों पर दबाव बनाया गया, अब उत्तराखंड में भी उसी प्रकार विघ्न डालने की कोशिश भाजपा द्वारा की गईं, पर कोटा का कार्यक्रम बेहद सफल रहा था और इसी वजह से भाजपा बौखलाई हुई है।
उन्होंने कहा कि देहरादून में भी श्री गांधी से मिलने, उनको सुनने के लिए युवा और विद्यार्थी उत्साहित हैं तथा स्थान बदलने के बावजूद बड़ी संख्या में पंजीकरण करवा रहे हैं। भाजपा सरकार की हरकतों को पूरा देश देख रहा है, छात्रों में बहुत आक्रोश है लेकिन फिर भी सरकार आमजन का मूड नहीं समझ रही है। यह कार्यक्रम तो विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर उठ रही चिंताओं से सरकार का ध्यान आकृष्ट कर रहा है, भाजपा सरकार द्वारा युवाओं को इस प्रकार से उकसाया जाना बिल्कुल ही अनावश्यक था।
उन्होंने कहा कि देहरादून से उठने वाली यह गूंज दिल्ली में बैठे हुक्मरानों के कानों में गूंजेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित