कोच्चि , जनवरी 19 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के सोमवार को कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

श्री गांधी हाल ही में हुये स्थानीय निकाय चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी कांग्रेस उम्मीदवारों को सम्मानित करने के लिये केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के एक भव्य विजय समारोह का उद्घाटन करने के लिये कोच्चि आये हुये हैं।"विजयोत्सवम 2026 - महा पंचायत" शीर्षक वाला यह कार्यक्रम आज दोपहर मरीन ड्राइव पर आयोजित किया जायेगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम में केरल भर से लगभग 15,000 पार्टी प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें पंचायत, नगरपालिका और निगम स्तर के नेता भी शामिल हैं। कांग्रेस के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेता भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसे स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के नेतृत्व वाले यूडीएफ के बेहतर प्रदर्शन के बाद संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में भारी भीड़ के भाग लेने की आशंका को देखते हुए मरीन ड्राइव और उसके आसपास सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित