अल्मोड़ा , जून 03 -- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी गुरुवार को अल्मोड़ा का दौरा करेंगे। वह सिमकनी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनसभा में प्रदेश भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है।

कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से व्यापक तैयारियां चल रही हैं। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जनसभा को लेकर उत्साहित कर रहे हैं।

राहुल गांधी के दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के भी अल्मोड़ा पहुंचने की संभावना है। इनमें प्रदेश प्रभारी शैलजा,उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन महरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, प्रचार अभियान समिति के प्रमुख प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के प्रमुख हरक सिंह रावत के अलावा सभी विधायक और प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी तथा वरिष्ठ नेता शामिल हैं। पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और मोर्चों के पदाधिकारियों को भी जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अल्मोड़ा पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। जनपद में सघन चेकिंग, सत्यापन और कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

जनसभा के मद्देनजर पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान भी जारी किया है। विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान नगर क्षेत्र में कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा।

राजनीतिक दृष्टि से राहुल गांधी का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अल्मोड़ा की यह जनसभा कांग्रेस के लिए 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और कांग्रेस की साख को बचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। राहुल गांधी के दौरे को कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति की शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित