पुडुचेरी , अप्रैल 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु उपाध्यक्ष खुशबू सुंदर ने रविवार को कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कभी भी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते।
सुश्री सुंदर ने यहां चुनाव प्रचार के दौरान संवाददाताओं से कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे अपनी कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी बचाने के लिए कहेंगे कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे, लेकिन यह एक सपना ही रह जाएगा। उन्होंने कहा कि सपने देखने का अधिकार सबको है लेकिन श्री गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने एन रंगासामी की अगुवाई में पुडुचेरी में कई योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं की बदौलत राजग एक बार फिर चुनाव जीतेगा और केन्द्रशासित प्रदेश में सरकार बनाएगा।
उन्होंने तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्ट सरकार है, जबकि पुडुचेरी में विकास की सरकार है।
सुश्री खुशबू ने कहा कि पुडुचेरी को राज्य का दर्जा दिया जाने का झूठा दिलासा नहीं दिया जा सकता। यह एक लंबी प्रक्रिया है और भाजपा सही समय पर आवश्यक कदम उठाएगी।
उन्होंने कहा कि पुडुचेरी की अर्थव्यवस्था सिर्फ शराब की बिक्री पर नहीं टिकी है। इस शहर में पर्यटक आते हैं और शराब सीमित मात्रा में मिलती है। इसके विपरीत, तमिलनाडु शराब की बिक्री पर निर्भर है जिसकी वजह से कानून व्यवस्था चरमरा गयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा तमिलनाडु और पुडुचेरी दोनों जगह विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित