मथुरा , अक्टूबर 12 -- हिमाचल प्रदेश के प्रभारी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक श्रीकांत शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके सहयोगी एसआईआर की आड़ में देश में आगजनी, दंगे और अराजकता फैलाने की साजिश रच रहे हैं।

श्री शर्मा ने सोमवार को यहां कहा, " एक तरफ राहुल एंड कंपनी हाथ में संविधान की प्रति लेकर घूमती है, वहीं दूसरी तरफ संविधान की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ती। विपक्ष का यह रवैया अब माननीय उच्च न्यायालय को भी निशाना बनाने तक पहुंच गया है, जो कि लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।"भाजपा विधायक ने कहा कि एसआईआर में जिन लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनमें मृत व्यक्ति, दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके लोग या फिर वे शामिल हैं जिनका कोई अता-पता नहीं है। यदि कोई वैध भारतीय नागरिक है और उसके पास जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं, तो वह तहसीलदार या निर्वाचन आयोग से संपर्क करके आसानी से अपना वोट दोबारा बनवा सकता है लेकिन इसके नाम पर पुलिसकर्मियों पर हमला करने और महिला कांस्टेबलों के साथ अभद्रता करने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती।

श्रीकांत शर्मा ने राहुल गांधी की तुलना उन तत्वों से की जो जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों पर पथराव करते थे और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जवानों पर हमले में शामिल रहते थे। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि लगातार मिल रही चुनावी हार के कारण विपक्ष में भारी फ्रस्ट्रेशन है। इसी हताशा में वे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपने बच्चों को ऐसे तत्वों की संगत से दूर रखने की अपील भी की।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल और अखिलेश केवल एक-दूसरे के कंधे का इस्तेमाल कर राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव के साथ मिलकर राहुल गांधी ने गठबंधन का सत्यानाश कर दिया था। राहुल गांधी की स्थिति 'हम तो डूबेंगे सनम, तुमको भी ले डूबेंगे' जैसी है।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और अन्य विपक्षी नेताओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पंडित श्रीकांत शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में बोलने की आजादी है, लेकिन आज देश को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों को बेनकाब करने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और राज्य में तीसरी बार कमल खिलना तय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित