वाराणसी , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को बताया कि पार्टी नेता राहुल गांधी आठ अगस्त को प्रयागराज में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्र छात्राओं से रोजगार, पेपर लीक, छात्र आत्महत्या और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सीधा संवाद करेंगे।

लहुराबीर स्थित अपने कैंप कार्यालय में बातचीत करते हुए श्री राय ने बताया कि कोटा और देहरादून के बाद यह 'छात्रों की गूंज' श्रृंखला का तीसरा कार्यक्रम होगा। प्रयागराज के केपी कॉलेज मैदान में यह कार्यक्रम शाम पांच बजे आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक विवाद, रोजगार, छात्र आत्महत्याओं और परीक्षा प्रणाली को लेकर युवाओं में व्याप्त असंतोष के बीच राहुल गांधी सीधे छात्रों से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर भी चर्चा की जाएगी।

श्री राय ने कहा कि प्रयागराज को उत्तर भारत का प्रमुख शैक्षणिक एवं प्रतियोगी परीक्षाओं (यूपीएससी, पीसीएस, एसएससी आदि) की तैयारी का बड़ा केंद्र माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में छात्र अध्ययन करते हैं। उन्होंने दावा किया कि छात्रों के मुद्दों पर कांग्रेस सड़क से संसद तक संघर्ष कर रही है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में "जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा" नारा प्रमुख रूप से उठाया जाएगा। उनका दावा था कि गाजीपुर, मिर्जापुर, मऊ, बलिया, भदोही, गोरखपुर, देवरिया समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों छात्र कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचेंगे।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री राय ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए राज्य और केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में अब तक कोई बड़ी गिरफ्तारी नहीं हुई है तथा एसआईटी की जांच पर भी प्रश्नचिह्न खड़े किए।

श्री राय ने बांकीपुर उपचुनाव का उल्लेख करते हुए दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के क्षेत्र में भी जीत दर्ज नहीं कर सकी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह अभियान वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं के बीच कांग्रेस की पहुंच मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित