नागपुर , जुलाई 22 -- हाराष्ट्र में कांग्रेस की नागपुर जिला इकाई ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने और कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ बुधवार को यहां लोक भवन के बाहर प्रदर्शन किया।

स्थानीय कांग्रेस नेताओं की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारे लगाये और उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कथित नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने में नाकाम रही है और छात्रों से जुड़े मुद्दों का समाधान करने के बजाय विपक्ष की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर छात्रों के भविष्य को खतरे में डालने और उनकी चिंताओं को नज़रअंदाज़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार असहमति की आवाज़ को दबाने की कोशिश करते हुए अपनी ज़िम्मेदारी से बच रही है।

विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर सदर इलाके में लोक भवन के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका तो कुछ देर के लिए तनाव व्याप्त हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने कांग्रेस के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए जाने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार, श्री मोदी और श्री प्रधान के खिलाफ़ नारेबाज़ी जारी रखी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्रों के अधिकारों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी और राहुल गांधी की आवाज़ दबाने की कोशिशों नाकाम होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित