हैदराबाद , अगस्त 11 -- तेलंगाना प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए उन पर संसदीय बहस से बचने और संसद के बाहर राजनीतिक नाटकबाजी करने का आरोप लगाया।

श्री राव ने यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि श्री गांधी को सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करने के बजाय संसद में उपस्थित रहना चाहिए और नीट मुद्दे पर अपने सवाल उठाने चाहिए। उन्होंने कहा, "भागिये या छिपिये मत। संसद में आइए, बहस और तथ्यों का सामना कीजिए। केंद्रीय गृह मंत्री हर सवाल का जवाब देंगे।" उन्होंने परीक्षा में कथित अनियमितताओं, विशेषकर झारखंड में पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस-इंडिया गठबंधन की भी आलोचना की।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भर्ती परीक्षा के पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग कर रहे छात्रों और बेरोजगार युवाओं को पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि श्री गांधी और कांग्रेस नेता झारखंड में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन क्यों नहीं कर रहे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक उद्देश्यों के लिए चुनिंदा तरीके से छात्रों के मुद्दों का इस्तेमाल कर रही है।

श्री राव ने तेलंगाना कांग्रेस सरकार पर जॉब कैलेंडर, दो लाख नौकरियां पैदा करने और फीस प्रतिपूर्ति सहित छात्रों तथा बेरोजगार युवाओं से किये गये वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने श्री गांधी को हैदराबाद के अशोक नगर जाने और बेरोजगार युवाओं से बातचीत करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि भाजपा तेलंगाना में बेरोजगार युवाओं का समर्थन कर रही है और दावा किया कि पार्टी का युवा मोर्चा उनकी मांगों को रेखांकित करते हुए हस्ताक्षर एकत्र कर रहा है।

श्री राव ने कहा कि केंद्र ने परीक्षा की अनियमितताओं से निपटने के लिए कदम उठाये हैं। उन्होंने सवाल किया कि झारखंड में कांग्रेस सरकार ने वहां हुए कथित पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी क्यों नहीं ली। उन्होंने श्री गांधी से आग्रह किया कि यदि वे छात्रों के भविष्य के प्रति वास्तव में चिंतित हैं, तो वे झारखंड जायें और प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ खड़े हों।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित