नयी दिल्ली , जून 16 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी जैसे युवाओं तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर बुधवार को राजस्थान के कोटा में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे।
कांग्रेस ने मंगलवार को श्री गांधी के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि श्री गांधी बुधवार शाम साढ़े सात बजे कोटा के दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस की पिछले सप्ताह यहां हुई बैठक में पार्टी के महासचिवों, प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों के साथ विचार-विमर्श के दौरान युवाओं और छात्रों के बीच पहुंच बढ़ाने के लिए इस तरह के अभियान चलाने का निर्णय लिया गया था। पार्टी सूत्रों के अनुसार कोटा कार्यक्रम इस अभियान की शुरुआत का हिस्सा है।
सूत्रों ने बताया कि कोटा के बाद श्री गांधी आने वाले दिनों में प्रयागराज समेत देश के कई अन्य शहरों में भी इसी तरह के कार्यक्रमों और संवाद सभाओं में हिस्सा लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित