भोपाल , फरवरी 24 -- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में किसान महा चौपाल में भाग लेने के पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने श्री गांधी से तीन सवाल किए।
डॉ यादव ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से अपने संवाद के दौरान श्री गांधी से ये तीन सवाल किए। उन्होंने श्री सिंघार से कहा कि वे श्री गांधी से पूछें कि रबी और खरीफ में कौन-कौन सी फसलें होती हैं। श्री गांधी मध्यप्रदेश में दलहन में होने वाली दालें और तिलहन में क्या होता है, ये भी बता दें।
डॉ यादव के इस वक्तव्य पर कांग्रेस के सदस्यों ने हंगामा करना शुरु कर दिया। नेता प्रतिपक्ष श्री सिंघार ने कहा कि भाजपा के सदस्य बताएं कि यूएस डील में मध्यप्रदेश के किसानों को क्या लाभ हुआ।
दरअसल ये पूरा मामला मुख्यमंत्री डॉ यादव के आज मंत्रिपरिषद् की बैठक में किसानों के हित में लिए गए निर्णयों के बारे में सदन में जानकारी दिए जाने के साथ प्रारंभ हुआ। डॉ यादव ने बैठक में हुए निर्णयों के बारे में विस्तार से जानकारी देने के साथ ही कहा कि एक सत्र किसानों के लिए भी आयोजित किया, जिससे उनसे जुड़े विषयों पर बात हो सके।
इस पर नेता प्रतिपक्ष श्री सिंघार ने कहा कि ये निर्णय पहले भी किए जा सकते थे, सरकार ने ये सब आज ही क्यों किया। उन्होंने कहा कि क्या ये आज श्री गांधी की यहां मौजूदगी से बने दबाव के कारण हुआ है। इस पर डॉ यादव ने ये सवाल किए।
श्री गांधी और श्री खरगे की उपस्थिति में आज भोपाल में कांग्रेस की किसान महा चौपाल होनी है। इसके लिए कांग्रेस ने वृहद स्तर पर तैयारियां की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित