हरिद्वार , जुलाई 13 -- उत्तराखंड के देहरादून में आगामी 17 जुलाई को राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सोमवार को हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्री गांधी का दौरा राज्य के युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगा तथा पेपर लीक जैसे मामलों पर सरकार को जवाब देना होगा।
श्री गोदियाल ने कहा कि श्री गांधी ने छात्रों के हितों को लेकर जो अभियान शुरू किया है, उसकी आवाज अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार और उत्तराखंड की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार दोनों को युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों पर ठोस निर्णय लेने होंगे। उन्होंने कहा कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों के बाद अब छात्रों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता और कांग्रेस नेता का दौरा राज्य सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेगा।
इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की धनराशि में कथित अनियमितताओं के मामले को भी उठाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मामले में कार्रवाई कांग्रेस के लगातार दबाव के बाद हुई। उन्होंने सवाल किया कि इतनी गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बावजूद राज्य सरकार ने बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) को भंग क्यों नहीं किया।
बीकेटीसी के वर्तमान अध्यक्ष की ओर से उन पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए श्री गोदियाल ने उन्हें खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान अध्यक्ष मंगलवार दोपहर 12 बजे प्रेस क्लब देहरादून आएं और आमने-सामने बैठकर सभी आरोपों पर चर्चा करें। श्री गोदियाल ने कहा कि मंदिर समिति में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जो भी निर्णय लिए, वे मंदिर और श्रद्धालुओं के हित में लिए गए थे तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि उन पर लगाए गए आरोप सही हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से सिद्ध किया जाए, वहीं कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों का भी वर्तमान अध्यक्ष जवाब दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित