रायपुर , मई 22 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने शनिवार को श्री गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी भाषा को अभद्र, निंदनीय और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है।
राजनांदगांव से भाजपा सांसद संतोष पांडेय तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अलग-अलग बयानों में कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा।
भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि बस्तर में नक्सल समर्थक और सलवा जुडुम के विरोध में निर्णय देने वाले बी. सुदर्शन रेड्डी को कांग्रेस ने उपराष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया गेट पर नक्सली लीडर हिड़मा के समर्थन में हुए प्रदर्शन की तस्वीरों को श्री गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह सेना का मनोबल गिराने और नक्सलियों का समर्थन करने जैसा नहीं है।
श्री पांडेय ने कहा कि सेना की एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी किस मुंह से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना जीवन देश सेवा को समर्पित किया है और ऐसे नेता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पूरी तरह अनुचित है।
वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस बेहद निम्न स्तर की राजनीति कर रही है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के तमाम नेता जिस भाषा का उपयोग कर रहे हैं, ऐसी भाषा का इस्तेमाल आम आदमी भी नहीं करता है।"श्री साव ने कहा कि असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में मिली हार से कांग्रेस नेताओं की मानसिक स्थिति बिगड़ गई है। वे अपना आपा खो बैठे हैं और सारी मर्यादा लांघ चुके हैं। शब्दों की शुचिता और प्रधानमंत्री पद की गरिमा दोनों को उन्होंने तार-तार किया है। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जैसे नेता जिस प्रकार की भाषा का उपयोग कर रहे हैं, वह देश की राजनीति और लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाना अत्यंत निंदनीय है और यही कारण है कि कांग्रेस लगातार देश में सिमटती जा रही है तथा जनता उनसे दूर होती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में देश की जनता कांग्रेस को और कड़ा सबक सिखाएगी।
सुशासन तिहार का उल्लेख करते हुए श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लगातार विभिन्न जिलों के गांवों में पहुंचकर सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत जान रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं, वहीं मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी गांव-गांव जाकर जनता से संपर्क कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित