जयपुर , मई 20 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गयी टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि काग्रेस नेता का यह अमर्यादित बयान उनके मानसिक अवसाद और कांग्रेस के पतन का प्रतीक है।

श्री शर्मा ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष का होना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। लोकतंत्र में अलग-अलग राजनीतिक दल होते हैं और उनकी विचारधाराएं भी भिन्न हो सकती हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत धरना देना, प्रदर्शन करना, नीतियों की आलोचना करना, बयान जारी करना और प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपनी बात को जनता के समक्ष रखना हर दल का अधिकार है, परंतु, जब कोई राजनेता अपनी मर्यादाएं लांघकर देश के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने लगे, तो वह किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि श्री गांधी ने जिस प्रकार श्री मोदी और श्री शाह के लिए 'गद्दार' जैसे अत्यंत आपत्तिजनक शब्दों का चयन किया है, कोई भी व्यक्ति इस तरह का अमर्यादित और ओछा वक्तव्य तभी दे सकता है, जब वह गहरे मानसिक अवसाद से गुजर रहा हो। बार-बार मिल रही राजनीतिक असफलताओं के कारण विपक्ष अपना मानसिक संतुलन और राजनीतिक मर्यादा पूरी तरह खो चुका है।

उन्होंने कांग्रेस आलाकमान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से हताश हो चुकी है और उसके नेताओं की भाषा समाज में केवल अराजकता और विभाजन पैदा करने वाली रह गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को अब अपने नेताओं की इस अमर्यादित भाषा और व्यवहार को सुधारने के लिए उन्हें अच्छे चिकित्सकों को दिखाने की आवश्यकता है।

श्री शर्मा ने कहा कि देश के सर्वोच्च पदों, लोकतांत्रिक गरिमा और 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाले इस बयान के लिए श्री राहुल गांधी को बिना किसी देरी के राष्ट्र से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित