श्रावस्ती , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद में मंगलवार को एक राहगीर पर तेंदुए ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के कुछ ही समय बाद हमलावर तेंदुए की भी मौत हो गई।
वन विभाग के अनुसार सिरसिया थाना क्षेत्र के कुथनी गांव के मजरा साईंपुरवा निवासी गुलाम (18) गांव-गांव घूमकर बुढ़िया का बाल (सुगर कैंडी) बेचने का कार्य करता है। आज दोपहर वह फेरी लगाकर वापस अपने घर लौट रहा था कि इसी दौरान सिरसिया-तुलसीपुर मार्ग स्थित बाबा विभूतिनाथ मंदिर के मुख्य द्वार से मंदिर जाने वाले संपर्क मार्ग पर सड़क किनारे एक बगीचे में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुए ने युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ युवक को छोड़कर भाग निकला। हालांकि कुछ दूरी तय करने के बाद वह खेत में जाकर गिर पड़ा।
घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया। वहां भी हालत में अपेक्षित सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच भेज दिया। चिकित्सक डॉ. राहुल शुक्ला ने बताया कि युवक की एक आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुई है और उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। वनकर्मियों ने तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पूर्वी सोहेलवा रेंज कार्यालय भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। वहीं, प्रभागीय वनाधिकारी सुहेलवा रेंज (डीएफओ) गौरव गर्ग ने बताया कि मृत तेंदुआ मादा थी और युवावस्था में थी। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर फंगल संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं। आशंका है कि बीमारी और कमजोरी के कारण उसका व्यवहार असामान्य एवं आक्रामक हो गया होगा।
उन्होंने बताया कि तेंदुए के शरीर से नमूने लेकर जांच के लिए बरेली स्थित प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही उसकी मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित