सागर , जून 24 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर एक व्यक्ति की कथित रूप से हत्या कर उसका शव कुएं में फेंकने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सरई वन निवासी कुंजन यादव (40) अपने खेत पर खाना लेकर गए थे। बाद में उनका शव प्रहलाद राजपूत के कुएं में मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान सामने आया कि मृतक और आरोपी मदन गोंड के बीच खेत के रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जांच में पता चला कि जब कुंजन यादव अपने खेत की ओर जा रहे थे, तब मदन गोंड और उसके पुत्र आकाश गोंड ने उन्हें अपने खेत के पास रोक लिया।
पुलिस के अनुसार पुराने विवाद को लेकर दोनों आरोपियों ने लाठी-डंडों से कुंजन यादव के सिर, आंख, हाथ और पीठ पर हमला किया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को घसीटकर पास स्थित कुएं में फेंक दिया और फरार हो गए। पुलिस ने जांच के बाद मदन गोंड और आकाश गोंड को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश और आगे की विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित