देवरिया , अप्रैल 5 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने रविवार को कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने का आह्वान किया। शहर के कतरारी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कैडर आधारित संरचना पर कार्य करता है, जिसका उद्देश्य "राष्ट्र प्रथम" के संकल्प के साथ जनसंपर्क, विचारधारा के प्रसार और चुनावी प्रबंधन को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन के मंत्र के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कार्यकर्ताओं के सेवा भाव को दर्शाता है।
कार्यक्रम में इतिहास एवं विकास विषय पर बोलते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है, जो देश को सुदृढ़, समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पार्टी का गठन छह अप्रैल 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित कार्यकर्ता अधिवेशन में हुआ था, जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी थे।
इस अवसर पर सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कश्मीर से धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक प्रथा की समाप्ति तथा सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित