चंडीगढ़ , अक्टूबर 25 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होना होगा। जब हर व्यक्ति राष्ट्र निर्माण में योगदान देगा, तब देश की प्रगति को कोई नहीं रोक सकेगा।
मुख्यमंत्री रविवार को चंडीगढ़ में पंचनद शोध संस्थान के 33वें वार्षिक व्याख्यान-सह-लोकमंथन कार्यक्रम 'हम भारत के लोग, हमारा दायित्व' को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संस्थान के अनुसंधान कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
सैनी ने कहा कि संविधान नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्य भी निर्धारित करता है। संविधान का अनुच्छेद 51ए देश की एकता-अखंडता की रक्षा, सामाजिक सद्भाव, महिलाओं के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण सहित कई जिम्मेदारियों का उल्लेख करता है। उन्होंने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर आपसी भाईचारा मजबूत करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की है। हरियाणा के सैनिक, किसान और खिलाड़ी देश की प्रगति में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अग्निवीरों के लिए रोजगार संबंधी प्रावधानों, प्राकृतिक खेती और 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान का भी उल्लेख किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित