अलवर , जून 23 -- पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और समर्पण का परिणाम है।

श्री कटारिया मंगलवार को राजस्थान में अलवर में आयोजित श्री सुंदर सिंह भंडारी ट्रस्ट, उदयपुर की ओर से आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में सम्बोधित कर रहे थे। समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और संघ के वरिष्ठ प्रचारक शांतिलाल सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में ऐसे 19 विशिष्ट जनों का सम्मान किया गया, जिन्होंने संघ में प्रचारक के रूप में अपना जीवन आरंभ करके राष्ट्र, समाज और संगठन के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि संघ व्यक्ति निर्माण का कार्य करता है और इसी प्रक्रिया ने राष्ट्र निर्माण को मजबूत आधार प्रदान किया है। श्री कटारिया ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित किया, उन्हीं के कारण अब भारत विश्व पटल पर मजबूती से खड़ा है। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य नयी पीढ़ी को देश, समाज और राष्ट्रसेवा के संस्कारों से परिचित कराना है ताकि वे इन महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा ले सकें।

उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और पूर्व राज्यपाल सुंदर सिंह भंडारी का उल्लेख करते हुए उनकी सादगी और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी को आदर्श बताया। दोनों ही व्यक्तित्व उच्च पदों पर रहे, लेकिन पद छोड़ते समय उनके पास निजी संपत्ति के नाम पर बहुत कम सामान था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संघ से निकला कार्यकर्ता राष्ट्रहित और समर्पण की भावना के साथ कार्य करता है।

समारोह में श्री देवनानी ने अपने संबोधन में सुंदर सिंह भंडारी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं बल्कि उसके चरित्र, सादगी और मूल्यों से होती है। उन्होंने कहा कि सुंदर सिंह भंडारी ने जीवनभर राष्ट्र निर्माण और संगठन विस्तार के लिए कार्य किया तथा कभी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा को प्राथमिकता नहीं दी।

श्री देवनानी ने कहा कि ऐसे कार्यकर्ता संगठन और समाज की अमूल्य पूंजी होते हैं। उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्याम प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए उन्होंने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।

इससे पहले कार्यक्रम में संघ और समाज जीवन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 19 विशिष्ट जनों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी और आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन से सीख लेकर समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ेंगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संघ पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित