चंडीगढ़ , जून 7 -- हरियाणा विधानसभा के तत्वावधान में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) इंडिया रीजन के जोन-2 का सम्मेलन 8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन सोमवार को ओम बिरला करेंगे। इस अवसर पर हरिवंश नारायण सिंह , नायब सिंह सैनी , हरविंदर कल्याण सहित देश के 15 विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, उप-पीठासीन अधिकारी और विधायक भाग लेंगे।
उद्घाटन सत्र में हरविंद्र कल्याण स्वागत संबोधन देंगे। इस दौरान हरियाणा के इतिहास पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके बाद श्री ओम बिरला, हरिवंश और नायब सिंह सैनी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम को टैगोर थिएटर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें संविधान और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
सम्मेलन के दूसरे दिन 9 जून को तीन प्रमुख सत्र आयोजित होंगे। इनका मुख्य विषय 'विकसित भारत-2047 के लक्ष्य एवं भविष्य की चुनौतियों को साकार करने में जागरूक समाज और जनप्रतिनिधियों की भूमिका' रहेगा। विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधि, संसदीय विशेषज्ञ और नीति निर्माता इस विषय पर अपने विचार रखेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित