दरभंगा , अप्रैल 28 -- बिहार में दरभंगा के सांसद एवं लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सचेतक गोपाल जी ठाकुर ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को अहम बताते हुए मंगलवार को कहा कि युवा शक्ति के बिना किसी भी राष्ट्र की चेतना को धरातल पर साकार नहीं किया जा सकता है।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण एवं बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आपदा प्रबंधन के प्रशिक्षण के लिये चयनित 120 आपदा युवा मित्र की टोली को विदा करने लिये दरभंगा बस स्टैंड पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुऎ स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की शक्ति होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के समग्र विकास तथा राजनीतिक, सामाजिक परिवेश के साथ-साथ विषम परिस्थितियों में भी युवा शक्ति के सदुपयोग के अनेकों पहल किए जा रहे हैं।

सांसद डा ठाकुर ने युवा मित्र दल की टोली की बस को झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि इन युवाओं में देश की खातिर विषम परिस्थितियों में भी हर कुछ करने की क्षमता कूट कूट कर भरी हुई है।

सांसद डा ठाकुर ने युवाओं के प्रशिक्षण को आने वाले समय के लिए वरदान बताते हुए कहा कि मिथिला क्षेत्र खासकर दरभंगा में बाढ़ सुखार सहित अन्य आपदाओं से निपटने में ये काफी फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने प्रशिक्षण के लिए जा रहे युवाओं के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस आने वाले समय में यही युवा शक्ति समाज राष्ट्र और विश्व के निर्माण में सहायक होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित