नयी दिल्ली , जून 27 -- दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने शनिवार को कहा कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं का योगदान असाधारण और ऐतिहासिक रहा है।

श्री गुप्ता रोहिणी स्थित महाराणा प्रताप कम्युनिटी सेंटर में आयोजित बाल संस्कार शिविर-2026 के समापन समारोह, सम्पूर्णा महिला हाट तथा डॉ. शोभा विजेन्द्र की पुस्तक "शतायु संघ और महिला सहभागिता" के परिचय एवं समीक्षा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर अपने संबोधन में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की तथा प्रत्येक नागरिक से वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और लगाये गये पौधों की देखभाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जब ये पौधे फलदार और छायादार वृक्ष बनेंगे, तो प्रत्येक नागरिक को उन पर गर्व होगा।

उन्होंने बाल संस्कार शिविर-2026 की सराहना करते हुए कहा कि इस शिविर ने बच्चों को केवल आनंददायक अनुभव ही नहीं दिये, बल्कि अनुशासन, संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों से भी समृद्ध किया है। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बच्चों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों के उत्साह और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सम्पूर्णा संस्था के अथक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने डॉ. शोभा विजेन्द्र की पुस्तक "शतायु संघ और महिला सहभागिता" को महिलाओं के संगठनात्मक और सामाजिक योगदान का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए कहा कि महिलाओं ने अपने परिश्रम, निष्ठा और नेतृत्व क्षमता से समाज निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभायी है।

कार्यक्रम में सम्पूर्णा महिला हाट के माध्यम से महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी-सह-बिक्री भी आयोजित की गयी। समारोह का समापन बाल संस्कार शिविर के प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और महिला उद्यमियों के सम्मान के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित