पटना , मार्च 8 -- भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को कहा कि गृह से ले कर राष्ट्र के निर्माण तक महिलाओं का योगदान सशक्त भारत की मजबूत नींव रख रहा है।
श्री सरावगी ने आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भाजपा महिला मोर्चा की तरफ से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राष्ट्र निर्माण में जुटी हुई हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह कहा जा सकता है कि घर से लेकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में नारीशक्ति का योगदान सशक्त भारत की मजबूत नींव रख रहा है। उन्होंने कहा कि आज नारीशक्ति हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही है और अपने सपनों, साहस और आत्मविश्वास के साथ लगातार आगे बढ़ रही है।
श्री सरावगी ने कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन नारी के अंदर विश्वास, खुशी और अपने सपनों को साकार करने का उत्सव मनाने का दिन है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने महिलाओं के शैक्षणिक, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत और नगर निकाय चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण, सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण राजग सरकार की देन है।
कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और सांसद डॉ. धर्मशिला गुप्ता ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान अंशु और अंकिता, शालिनी सुमन, पूनम शर्मा, पिंकी यादव, अंजू मिश्रा, प्रीति सहित अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली बिहार की कई बेटियों को सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में मंत्री रमा निषाद, श्रेयसी सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री सह विधायक रेणु देवी, शोभा सिंह, सीता साहू, अनामिका भूषण, अनामिका पासवान, सजल झा,मीना झा, दिव्या झा, सरला रजक, सरोज जायसवाल, सीमा पांडेय, शशि वल्दियार सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई महिला जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, खिलाड़ियों, उद्यमियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित