धार , जून 04 -- मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं राजवाड़ा चौक सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्र ऋषि नानाजी देशमुख की स्मृति में जिले में पहली बार पांच दिवसीय 'ग्राम दर्शन-राम दर्शन' आयोजन किया जाएगा। 08 से 12 जून तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य केंद्र आदर्श ग्राम सिरसोदा रहेगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य पंच परिवर्तन के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना है। आयोजन की रूपरेखा दीनदयाल शोध संस्थान चित्रकूट के सचिव अभय महाजन की प्रेरणा से तैयार की गई है।
राजवाड़ा चौक सेवा समिति के नवनीत जैन और श्री चतुर्भुज राम मंदिर माण्डव के महामंडलेश्वर नरसिंह दास महाराज ने बताया कि 08 जून को भगवान चतुर्भुज श्रीराम मंदिर माण्डव में 1100 तुलसी पौधों के समर्पण के साथ तुलसी नर्सरी की स्थापना की जाएगी। इसके बाद 09 जून को सिरसोदा में तुलसी यात्रा और तुलसी रथ पूजन के साथ 51 हजार तुलसी पौधों के वितरण अभियान का शुभारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि जन अभियान परिषद के माध्यम से सिरसोदा को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। गांव के प्रत्येक घर में रामचरितमानस स्थापित कर नियमित पाठ की शुरुआत की गई है, जिसके कारण सिरसोदा को प्रथम 'रामायणपाठी गांव' के रूप में पहचान मिली है।
कार्यक्रम के अंतर्गत 10 जून को बालिका शिक्षा, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और बेटियों की सुरक्षा विषय पर 'नारी वंदन' कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें देवी अंशिकाजी और उषा दीदी ठाकुर का संबोधन प्रस्तावित है। 11 जून को आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुधार को बढ़ावा देने वाले परिवारों तथा स्थानीय रोजगार प्रदाताओं, जैविक एवं उन्नत कृषकों, गौपालकों, नशा मुक्ति और दहेज मुक्त परिवारों सहित संस्कार केंद्र के बच्चों का सम्मान किया जाएगा।
आयोजन का समापन 12 जून को भारत माता की आरती और समरसता प्रसादी के साथ होगा। इसी दिन आसपास के 100 गांवों में औषधीय पौधों की नर्सरी स्थापित करने की पहल भी शुरू की जाएगी। कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा, जबकि सायंकाल भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। आयोजन में जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर सहित अनेक संत और समाजसेवी भाग लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित