ग्रेटर नोएडा, 24 अक्टूबर 24 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को पुराना हैबतपुर गांव के डूब क्षेत्र में प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। करीब 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को हटाने की यह कार्रवाई राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश पर की गई। आरोप है कि कॉलोनाइजर डूब क्षेत्र की जमीन पर अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए जमीन पर बाउंड्री बनाकर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी।

बुलडोजर कार्रवाई की जानकारी देते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि,परियोजना विभाग के अधिकारियों को अवैध निर्माण करने और जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी और अधिसूचित जमीन को कब्जे से बचाया जा सके।

प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर निर्माण करने वालों में खलबली मच गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में प्राधिकरण की ओर से आगे भी अभियान चलाकर अवैध निर्माण हटाए जाएंगे।

अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण करना गलत है। प्राधिकरण ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि कॉलोनाइजरों के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई न गंवाएं। जमीन खरीदने से पहले उसके स्वामित्व और वैधानिक स्थिति की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि पुराना हैबतपुर गांव के डूब क्षेत्र में करीब 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनी बसाने की फिराक में थे। इसके लिए जमीन पर बाउंड्री बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित