सिंगापुर , मार्च 20 -- अमेरिका में शरण ले चुके सिंगापुर के पूर्व नागरिक एमोस यी पंग सांग को राष्ट्रीय सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोप में चांगी हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है।

सिंगापुर के अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी दी कि यह गिरफ्तारी उस समय की गयी, जब उसे अमेरिका से वापस भेजा गया था। अधिकारियों के अनुसार, यी पर 'सूचीबद्धता अधिनियम' के तहत दो मुख्य आरोप हैं। पहला, अनिवार्य राष्ट्रीय सेवा के लिए मेडिकल जांच के लिए रिपोर्ट न करना और दूसरा, वैध 'निकास परमिट' के बिना देश से बाहर रहना।

'सेंट्रल मैनपावर बेस' सूचीबद्धता विभाग के निरीक्षकों ने बताया कि यी वर्ष 2016 में सिंगापुर छोड़कर अमेरिका चला गया था, जहां 2017 में उसे राजनीतिक शरण दी गयी थी। अमेरिका प्रवास के दौरान भी वह विवादों में रहा और उसे यौन अपराधों के लिए दिसंबर 2021 में छह साल की जेल की सजा सुनायी गयी थी।

अक्टूबर 2023 में पैरोल पर रिहा होने के बाद शर्तों का उसने फिर उल्लंघन किया। इस कारण उसे दोबारा हिरासत में लेकर निर्वासन की कार्यवाही शुरू की गयी। चूंकि उसके पास वैध पासपोर्ट नहीं था, इसलिए उसे एक 'पहचान दस्तावेज' जारी किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित