चंडीगढ़ , जून 29 -- सांख्यिकी कार्यालय, चंडीगढ़ में सोमवार को 20वां राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह दिवस प्रख्यात सांख्यिकीविद् प्रोफेसर पी.सी. महालनोबिस की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम 'प्रशासनिक डेटा की क्षमता को अनलॉक करना' रखी गयी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप महानिदेशक दीपक मेहरा ने कहा कि राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस का उद्देश्य युवाओं और आम जनता में सांख्यिकी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विकास योजनाओं में डेटा की भूमिका को रेखांकित करना है। उन्होंने कहा कि सटीक और विश्वसनीय डेटा ही प्रभावी नीतियों और योजनाओं की आधारशिला होता है।

उन्होंने बताया कि डेटा मुख्य रूप से दो स्रोतों से प्राप्त होता है, एक विभिन्न सर्वेक्षणों के माध्यम से और दूसरा सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान एकत्र किए जाने वाले प्रशासनिक डेटा से। बेहतर नीति निर्माण के लिए प्रशासनिक डेटा की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और मजबूती अत्यंत आवश्यक है।

श्री मेहरा ने बताया कि सांख्यिकी कार्यालय, चंडीगढ़ नियमित रूप से पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे तथा ऑल इंडिया अनइनकॉर्पोरेटेड सर्वे सहित कई नियमित और विशेष सर्वेक्षण संचालित करता है। उन्होंने कहा कि देश की विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उच्च गुणवत्ता वाले आंकड़ों पर निर्भर करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित