लखनऊ , मार्च 11 -- नयी दिल्ली में सम्पन्न हुए "सशक्त पंचायत नेत्री अभियान" के तहत राष्ट्रीय सम्मेलन में उत्तर प्रदेश की महिला पंचायत प्रतिनिधियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है।

पंचायती राज मंत्रालयद्वारा आयोजित इस एक दिवसीय सम्मेलन में उत्तर प्रदेश की 135 महिला प्रधानों ने भाग लेकर पंचायतों में महिला नेतृत्व की प्रभावशाली भूमिका को प्रस्तुत किया। सम्मेलन के दौरान पंचायत स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाली कई महिला प्रतिनिधियों को विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। "बीकन पंचायत" श्रेणी में प्रियंका तिवारी (ग्राम पंचायत राजपुर, हाथरस), नीलम देवी (ग्राम पंचायत भरतपुर, अलीगढ़), मनु यादव (ग्राम पंचायत फौलादपुर, अमरोहा), पूनम सिंह (ग्राम पंचायत रोरी, गाजियाबाद) और नीलमणि राजे बुंदेला (ग्राम पंचायत छिपाई, ललितपुर) को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

इसी तरह "चैंपियन ऑफ चेंज" श्रेणी में सुलेखा कुशवाहा (ग्राम पंचायत तिलसड़ा, कानपुर नगर) और मधु चौधरी (ग्राम पंचायत मखदुमपुर, अमरोहा) को सम्मान मिला। वहीं "महिला हितैषी ग्राम पंचायत " श्रेणी में रूपाली लोधी (ग्राम पंचायत सींगनखेड़ा, रामपुर), हेमलता पटेल (ग्राम पंचायत सुजानपुर, फतेहपुर), कृष्णा गंगवार (ग्राम पंचायत अल्हैया, बरेली), डॉ. अनामिका सिंह (ग्राम पंचायत पाला, कन्नौज) और माधुरी सिंह (ग्राम पंचायत थावर, लखनऊ) को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।

पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पंचायतों में महिला जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी ग्रामीण विकास को नई गति दे रही है। उत्तर प्रदेश की महिला प्रधानें अपने कार्यों से न केवल गांवों के विकास की मिसाल पेश कर रही हैं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित