पटना , सितंबर 08 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित गोपालगंज की पुष्पा प्रसाद और बांका की खुशबू कुमारी को सम्मानित करते हुए कहा कि दोनों शिक्षिकाएं अपने उत्कृष्ट कार्यों और अनुभवों से अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी।

श्री तिवारी ने विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभाग के सचिव राजीव रौशन के साथ दोनों शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और सम्मान राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने दोनों को उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों का समर्पण, रचनात्मकता और नवाचार विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होना दोनों शिक्षिकाओं की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ पूरे बिहार के लिए भी गौरव की बात है।

श्री तिवारी ने कहा कि दोनों शिक्षिकाओं के कार्य और अनुभव राज्य के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकते हैं। उन्होंने दोनों से अपने उत्कृष्ट कार्यों को आगे भी जारी रखने तथा अपने अनुभवों को अन्य शिक्षकों के साथ साझा करने का आग्रह किया।

शिक्षा मंत्री ने दोनों शिक्षिकाओं को अपनी स्वलिखित पुस्तक 'वन्दे मातरम्' की प्रति भी भेंट की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित