रूद्रपुर , जनवरी 26 -- उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में सोमवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर कहा कि पर्वतीय राज्य भी राष्ट्रीय विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। सरकार आम जन के कल्याण, युवाओं के सशक्तिकरण, किसानों की उन्नति और महिलाओं के सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

श्री जोशी ने युवाओं से कहा कि वे संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें, राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखें और एक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मुख्य संकल्प कृषि से समृद्धि है। वर्ष 2025-26 में हमने राज्य में 'मिलेट्स मिशन' को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि जैविक खेती में उत्तराखंड आज देश का अग्रणी राज्य है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक लगभग 8.89 लाख किसान परिवारों को लाभार्थी के रूप में पंजीकृत किया गया है और विभिन्न किस्तों के माध्यम से किसानों को अब तक कुल लगभग 3,300 करोड से अधिक की धनराशि उनके बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण योजना और परंपरागत कृषि योजना के अंतर्गत सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेब उत्पादन को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से एप्पल मिशन संचालित किया जा रहा है। यह मिशन 08 वर्ष 2030-31 तक चलेगा। इस मिशन के तहत 45000 से 50000 किसानों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित करने की योजना है। इसमें राज सहायता 60 प्रतिशत तक प्रस्तावित है। यही नहीं प्रदेश में कीवी नीति लागू की गई है और लगभग 3500 हेक्टेयर क्षेत्र में कीवी बागान विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि चार धाम परियोजना के अंतर्गत केंद्र और राज्य के योग से 9,474 करोड़ रुपये की लागत से 889 किमी लंबे राजमार्ग का निर्माण किया जा रहा है, जिससे यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सकेगी। यात्रा मार्ग पर 10 नए शेल्टर बनाए गए हैं, ताकि खराब मौसम या कठिन मार्ग पर श्रद्धालुओं को सुरक्षा और आराम मिल सके। यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम, ड्रोन और 24 घंटे निगरानी नेटवर्क का उपयोग किया जा रहा है।

श्री जोशी ने कहा कि सरकार ने पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए शीतकालीन चारधाम यात्रा को भी सक्रिय किया है। इसका उद्देश्य सर्दियों में जब मुख्य कपाट बंद होते हैं, तो देवताओं के शीतकालीन प्रवास स्थलों (जैसे मुखबा, खरसाली, उखीमठ और पांडुकेश्वर) में पूजा-अर्चना को तीर्थाटन का हिस्सा बनाना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने शहीद सैनिकों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि में पांच गुना वृद्धि की है-इसे बढ़ा कर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। साथ ही सेना में वीरता पुरस्कारों से सम्मानित होने वाले सैनिकों को दी जाने वाली राशि में भी महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की गई है। परमवीर चक्र विजेताओं के लिए अनुग्रह राशि 1.5 करोड़, कीर्ति चक्र हेतु 35 लाख रुपये कर दी है। शहीद होने वाले परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में लेने की व्यवस्था की गई है।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उनके परिजनों को पौधा देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह सहित 26 पुलिस कर्मियों को भी उत्कृष्ठ कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित