पटना, जुलाई 21 -- राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो)के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक आलोक कुमार सिंह के निर्देशानुसार 27 जुलाई को पार्टी के प्रदेश के नवमनोनीत पदाधिकारियों एवं सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की एक दिवसीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई है।पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश कुमार ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा पार्टी की भावी रणनीति पर उपस्थित पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।

श्री कुमार ने बताया कि बैठक में प्रदेश संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, नवमनोनीत पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों की कार्ययोजना, संगठन के विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों से निर्धारित समय पर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित