दरभंगा , सितंबर 08 -- बिहार के दरभंगा जिले में 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक चालान के मामलों का सरल एवं शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार के समीप जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने सुलहनीय मामलों का निस्तारण कराने की अपील की।
श्री कुमार ने बताया कि 12 जून 2026 तक के लंबित ट्रैफिक चालान का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराया जा सकता है। इसके लिए सात से 11 सितंबर तक जिला परिवहन कार्यालय में प्री-वेरिफिकेशन काउंटर संचालित किया जा रहा है। संबंधित वाहन मालिक निर्धारित अवधि में अपने चालान का प्री-वेरिफिकेशन करा सकते हैं, जिससे 12 सितंबर को लोक अदालत में उनके मामलों का त्वरित निस्तारण हो सके।उन्होंने बताया कि 90 दिनों से अधिक समय से लंबित चालान के मामलों में नियमानुसार पात्र वाहन मालिकों को 50 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी मिल सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिले के तीनों अनुमंडलों में किया जाएगा। सदर अनुमंडल क्षेत्र के लंबित ट्रैफिक चालान का निस्तारण पोलो मैदान, लहेरियासराय में, जबकि बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र के मामलों का निस्तारण बेनीपुर व्यवहार न्यायालय और बिरौल अनुमंडल क्षेत्र के मामलों का निस्तारण बिरौल व्यवहार न्यायालय में किया जाएगा।उन्होंने आम नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने और अनावश्यक विलंब से बचने की अपील की।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार आर्य, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित