हाजीपुर , मई 09 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशन में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान परिवहन विभाग से संबंधित लंबित ई-चालानों के निष्पादन हेतु विशेष व्यवस्था की गई। आम नागरिकों एवं वाहन चालकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने लंबित चालानों का निष्पादन कराया तथा संशोधित शमन राशि योजना का लाभ उठाया।

राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा आमजनों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कुछ निर्धारित धाराओं/सेक्शन अंतर्गत लंबित ई-चालानों के शमन राशि में लगभग 50 प्रतिशत तक की राहत प्रदान की गई। इस पहल से वाहन चालकों में व्यापक उत्साह देखा गया तथा बड़ी संख्या में लोगों ने मौके पर पहुंचकर अपने मामलों का निष्पादन कराया।

जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आज आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में परिवहन विभाग से संबंधित कुल 317 सुलहनीय चालानों का निष्पादन किया गया, जिसके फलस्वरूप कुल 7,72,717 की राशि जमा हुई। वहीं 819 चालान अन्य जिलों से संबंधित पाए जाने के कारण संबंधित जिलों को वापस किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित